जन आरोग्य मेले का बदलापुर विधायक ने किया शुभारंभ, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रिपोर्ट- मोनू कुमार ब्युरो चीफ जौनपुर

जौनपुर बदलापुर . सिगरामऊ में रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिगरामऊ में जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने ओपीडी कक्ष, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में आए मरीजों से सीधा संवाद किया। उन्होंने मरीजों से उनकी बीमारी और चिकित्सकों द्वारा लिखी गई दवाइयों के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि सभी आवश्यक दवाइयां अस्पताल से ही उपलब्ध कराई गईं और उन्हें बाहर से कोई दवा नहीं लिखवाई गई। इस पर विधायक ने प्रसन्नता व्यक्त की और स्वास्थ्य विभाग की सराहना की।

यह जन आरोग्य मेला सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाता है। इसका आयोजन बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. संजय दुबे के नेतृत्व और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिगरामऊ के प्रभारी डॉ. अभिषेक प्रजापति की देखरेख में हुआ। रविवार दोपहर एक बजे तक कुल 72 मरीजों की ओपीडी की गई।

कार्यक्रम में पहुंचे विधायक का अस्पताल स्टाफ और पार्टी कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। व्यवस्थाओं की गुणवत्ता परखने के लिए विधायक ने अस्पताल में लगी मशीन से स्वयं अपना रक्तचाप (बीपी) भी मापवाया।

शिविर के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. संजय दुबे स्वयं उपस्थित रहे। वहीं, जमऊपट्टी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. सुशील कुमार यादव, डॉ. मनीष मौर्य और एएनएम मीरा यादव द्वारा कुल 11 मरीजों की ओपीडी की गई।इस कार्यक्रम में अस्पताल स्टाफ, पार्टी कार्यकर्ता, क्षेत्रीय नागरिक और बड़ी संख्या में मरीज मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!