प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से भिड़ी रोडवेज बस, चालक की मौके पर मौत

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र में प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर शनिवार तड़के एक सड़क हादसा हो गया। यहां कोदहूं गांव के पास सिविल लाइन्स डिपो की रोडवेज बस खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस (संख्या यूपी 70 क्यूटी 3038) करीब 35 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा की ओर जा रही थी। सुबह लगभग 5:30 बजे जैसे ही बस कोदहूं गांव के समीप पहुंची, तभी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। एक गंभीर घायल को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि इस दुर्घटना में बस चालक सतीश गुप्ता (45) निवासी ग्राम लवायन भावनपुर, थाना खुटहन की मौके पर ही मृत्यु हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिवारजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। इस हादसे में घायल यात्रियों में राकेश कुमार, मयंक सिंह, अनिल पटेल, राजकुमार, रामचंद्र निषाद, सूरज कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार यादव और नीरज बिंद शामिल हैं। सभी का इलाज चल रहा है।

थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना या ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!