जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र स्थित शम्भूगंज बाजार में शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व धूमधाम से मनाया गया। एक माह तक चले रमजान के पवित्र महीने के बाद यह पर्व पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
सुबह निर्धारित समय पर शम्भूगंज की मस्जिद में ईद की विशेष नमाज अदा की गई। हजरत मौलाना निजामुद्दीन साहब ने नमाज अदा कराई। इस दौरान छोटे-बड़े, सभी आयु वर्ग के लोगों ने नए परिधानों में सिर पर टोपी लगाकर नमाज में हिस्सा लिया।

नमाज से पहले तकरीर में मौलाना निजामुद्दीन साहब ने कहा कि जिस तरह मुसलमानों ने पूरे महीने परहेज और मुस्तैदी से नमाज, रोजे और तिलावते कलामे पाक किया, ठीक उसी प्रकार आगामी 11 महीने भी इसे जारी रखना चाहिए।
नमाज के बाद सभी लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद-उल-फितर की मुबारकबाद दी। पूरे दिन मीठी सेवई खाने और खिलाने का दौर जारी रहा। बक्शा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार भ्रमण किया और स्थिति पर नजर रखी।

इस अवसर पर मो. सलीम अहमद, मोहम्मद अलाउद्दीन, मोहम्मद अकबर अली, मोहम्मद मकबूल अली, मोहम्मद साहिल अली, मोहम्मद दीन, फैसल अली, मोहम्मद जब्बार, डा. आजाद, पत्रकार शाहिद खान, सादिक अली सहित बड़ी संख्या में लोग मस्जिद में नमाज स्थल पर मौजूद रहे।
