भावुक माहौल में प्रधानाचार्य परमात्मा यादव को विदाई, जयप्रकाश यादव ने संभाली कमान
जौनपुर। खेतासराय जैगहाँ । श्री सुंदर साव इंटर कॉलेज कमलानगर जैगहाँ में एक भावुक एवं गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री परमात्मा यादव को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत से हुई, जिसके पश्चात विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने प्रधानाचार्य के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि श्री यादव ने अपने कार्यकाल में विद्यालय के शैक्षिक स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और अनुशासन एवं गुणवत्ता शिक्षा की मिसाल कायम की।
इस दौरान कई शिक्षकों की आंखें नम हो गईं और सभी ने उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में श्री जयप्रकाश यादव ने प्रधानाचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वे विद्यालय की गरिमा एवं परंपरा को बनाए रखते हुए शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर नवागत प्रधानाचार्य का स्वागत किया और विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक द्वारा किया गया।
