रिपोर्ट – राजेन्द्र कुमार सोनी ब्यूरो चीफ चित्रकूट
शिक्षकों की अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन हुआ।
पहाड़ी (चित्रकूट)–राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में प्रदत्त निर्देशों के क्रम में कक्षा 01 में पूर्व प्राथमिक शिक्षा से सम्बन्धित अधिगम लक्ष्यों की सम्प्राप्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्या प्रवेश माड्यूल पर आधारित

कुल 12 सप्ताह के कार्यक्रम स्कूल रेडीनेस फेज 2 को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने हेतु नोडल शिक्षकों की अभिमुखीकरण कार्यशाला शान्ती देवी इंटर कॉलेज पहाडी चित्रकूट में आयोजित की गई। विकास खण्ड पहाड़ी की इस कार्यशाला का आयोजन खण्ड शिक्षा अधिकारी पहाड़ी राजेश कुमार की अध्यक्षता में शिक्षक दीपक कुमार पाण्डेय द्वारा किया गया।
कार्यशाला की शुरुआत ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की वन्दना के साथ की गई। कार्यशाला के प्रारम्भिक सत्र में एआरपी मनीष शुक्ला द्वारा नोडल शिक्षकों को बताया गया कि विभागीय निर्देशानुसार प्रत्येक विद्यालय में यह कार्यक्रम 1 अप्रैल 2026 से कुल 12 सप्ताह तक कक्षा 01 में संचालित किया जाएगा।
शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता द्वारा स्कूल रेडीनेस कार्यक्रम फेज 2 से सम्बन्धित दीक्षा ऐप पर उपलब्ध कोर्स को 10 अप्रैल 2026 से पूर्व पूर्ण करने की बात कही। शिक्षक दीपक कुमार पाण्डेय द्वारा बताया गया कि स्कूल रेडीनेस कार्यक्रम फेज 2 के अन्तर्गत प्रथम 8 सप्ताह में गतिविधि आधारित शिक्षण कार्य किया जाएगा तथा सप्ताह 9 से 12 तक शिक्षक संदर्शिका में दी गई कार्य योजना के अनुसार शिक्षण कार्य किया जाएगा।

कार्यशाला की अग्रिम कड़ी में जनपद स्तर के एसआरजी गीत श्रीवास्तव एवं हरिश्चन्द्र द्वारा उपस्थित नोडल शिक्षकों की क्षमताओं को संवर्धित किया गया। कार्यशाला में उपस्थित कुछ नोडल शिक्षकों द्वारा इस कार्यक्रम से सम्बन्धित अपने गत वर्षों के अनुभव भी साझा किए गए। खण्ड शिक्षा अधिकारी पहाड़ी राजेश कुमार द्वारा इस 12 सप्ताह के विभागीय कार्यक्रम को सुनियोजित ढंग से संचालित करने के लिए सभी शिक्षकों को निर्देशित किया गया तथा कार्यक्रम संचालन में प्रधानाध्यापक तथा नोडल शिक्षक के उत्तरदायित्वों को संदर्भित किया गया।
कार्यशाला में संचालक के रुप में प्राथमिक विद्यालय दरसेंडा के शिक्षक दीपक कुमार पाण्डेय तथा प्राथमिक विद्यालय कुचारम के शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता, क्षमता संवर्धन हेतु एसआरजी गीत श्रीवास्तव व हरिश्चन्द्र, अकादमिक सहयोग हेतु एआरपी मनीष शुक्ला, आलोक कुमार साहू, डॉ0 रामप्यारे विश्वकर्मा तथा कार्यालय सहायक संदीप जायसवाल सहित समस्त विद्यालयों के नोडल शिक्षक तथा शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
