50 वर्षीय बुजुर्ग से मारपीट कर लूटी सोने की चेन, दहशत में क्षेत्रवासी
रिपोर्ट – राजेन्द्र कुमार सोनी ब्यूरो चीफ चित्रकूट
चित्रकूट (कर्वी): शहर के शंकर बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग के साथ मारपीट कर सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित कल्लू सोनी पुत्र स्व. कुन्नू सोनी ने बताया कि वह सोमवार शाम करीब 4 बजे व्यापार के सिलसिले में घर से निकले थे। इसी दौरान गली के पास 3-4 मोटरसाइकिलों पर सवार 7-8 अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उनके साथ मारपीट की और गले में पहनी करीब 8 ग्राम सोने की चेन छीन ली।
विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों में एक युवक ओम रैकवार पुत्र राकेश रैकवार तथा करन नाम का व्यक्ति शामिल बताया जा रहा है।घटना के समय ब्रह्मचर्य स्कूल के पास रहने वाले जितेंद्र त्रिपाठी मौके पर मौजूद थे, जिन्हें प्रत्यक्षदर्शी बताया जा रहा है।पीड़ित ने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है।
