जौनपुर हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर से भिड़ी स्कूटी, युवक की दर्दनाक मौत

रिपोर्ट – मोनू कुमार ब्यूरो चीफ जौनपुर

जौनपुर जिले के मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गुरुवार सुबह नेवढ़िया थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह घटना गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे हुई। जलालपुर थाना क्षेत्र के सुअरी पसियाही गांव निवासी यश गुप्ता अपने ननिहाल नेवढ़िया थाना क्षेत्र के अहिरौली कुत्तूपुर गांव में थे। वह स्कूटी से इटाएं बाजार जा रहे थे, तभी हरसिंहपुर गांव के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि यश गुप्ता की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।परिजनों ने बताया कि यश गुप्ता गुरुवार को ही मुंबई जाने की तैयारी में थे। उनका गोदान एक्सप्रेस का टिकट भी आरक्षित था। उनके माता-पिता मुंबई में रहते हैं। यश अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे और उनकी एक बहन भी है। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और नेवढ़िया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। नेवढ़िया थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!