कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा, वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा परिसर – DM ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाया विकसित भारत का संकल्प….

विजय शंकर यादव उप सम्पादक

जौनपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को पूरा जनपद देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई।

ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पंचप्रण की शपथ दिलाई। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और एकजुटता के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने तथा राष्ट्र की रक्षा, सम्मान और प्रगति के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।

बलिदानियों को किया नमन

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को नमन करते हुए जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि उन महान विभूतियों के त्याग, बलिदान और संघर्ष को याद करने का अवसर है, जिनके कारण देश को आजादी मिली।

उन्होंने ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ और ‘युवा शक्ति- विकसित भारत 2047’ की भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वंदे मातरम् ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से बचाने पर दिया जोर

जिलाधिकारी ने युवाओं में बढ़ती नशे और तंबाकू की प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को नशे, तंबाकू और अन्य हानिकारक आदतों से मुक्त कराने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।

उन्होंने सोशल मीडिया और मोबाइल फोन के संतुलित उपयोग पर भी जोर दिया। कहा कि युवाओं को रील और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग के बजाय शिक्षा, कौशल विकास, रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना जरूरी है।

एआई और डिजिटल तकनीक से बदलेगी जनसेवा की तस्वीर

डीएम ने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल प्रशासनिक कार्यों में और बढ़ेगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को नई तकनीकों को सीखकर उनका सकारात्मक इस्तेमाल जनसेवा में करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तकनीक का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना और उसे सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना होना चाहिए। आईजीआरएस जैसी व्यवस्थाओं के माध्यम से शिकायतों की निगरानी और निस्तारण की गुणवत्ता में सुधार संभव हुआ है।

विकसित भारत 2047 हर नागरिक का संकल्प

जिलाधिकारी ने कहा कि विकसित भारत 2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। सभी लोग अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर के पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली जनक कुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, डिप्टी कलेक्टर,सूचना अधिकारी मनोकामना राय,सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। संचालन आशीष त्रिपाठी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!