पुलिस चौकी, स्कूल व प्राथमिक विद्यालय में फहराया तिरंगा, गूंजा राष्ट्रगान

जौनपुर।शाहगंज. बड़ागांव में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस चौकी, यूनिवर्सल किड्स प्ले स्कूल और प्राथमिक विद्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित किए गए।
बड़गांव पुलिस चौकी परिसर में चौकी प्रभारी अजय सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उसे सलामी दी। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया, जिससे पूरा परिसर भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।

समारोह में प्रधान प्रत्याशी वारिस हाशमी और संदीप यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।वहीं, यूनिवर्सल किड्स प्ले स्कूल में प्रधानाध्यापक पैगाम सिद्दीकी ने मौलाना अजीजुल हसन इमामे जुमा बड़गांव के सौजन्य से ध्वजारोहण किया।
मिराज हाशमी, हाफिज इरफान, मोहम्मद खालिद और मोहम्मद आरिफ सहित दर्जनों लोगों की उपस्थिति में राष्ट्रगान हुआ, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बड़गांव प्राथमिक विद्यालय के परिसर में भी ध्वजारोहण किया गया। प्रधानाध्यापक डॉ. राम यश ने विद्यालय के सैकड़ों बच्चों के साथ प्रभात फेरी का आयोजन किया।

बच्चों ने भारत मां की जय के नारों के साथ पूरे गांव का भ्रमण किया और तिरंगा यात्रा निकाली।इस दौरान सभी बच्चों ने देशभक्ति गीत गाए और आनंद लिया। विद्यालय के समस्त अध्यापक, अध्यापिकाएं और स्टाफ भी उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक डॉ. राम यश ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ ली।
यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। सड़क पर तिरंगा लेकर अनुशासित ढंग से आगे बढ़ते पुलिसकर्मियों और बच्चों को देखकर लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।
